आगामी 3 मई को जिला में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा 2026 के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस बैठक की अध्यक्षता एडीसी एवं नोडल अधिकारी अंजली श्रोत्रिया ने की।
इस दौरान सीटीएम अंकित कुमार सहित पुलिस विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
एडीसी अंजली श्रोत्रिया ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा नीट यूजी परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक होगी।
फरीदाबाद जिले में इस परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 6436 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टाफ और प्राइवेट एजेंसी के कर्मियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित किया गया है। सभी संबंधित एसडीएम और एसीपी को केंद्रों की रेडीनेस, बुनियादी ढांचा और दिव्यांग एक्सेस की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नोडल अधिकारी अंजली श्रोत्रिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के सभी परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए है।
जिला में परीक्षा को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लगा दी गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, मोबाइल जैमर जैसे सभी जरूरी इंतजामों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।
एडीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए है और हीट वेव से बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। सभी केंद्रों में पीने के पानी व दीवार घड़ी आदि के प्रबंध भी कर लिए गए है।





