सिरसा, 16 जुलाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्थित जिला एडीआर सेंटर के कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘‘स्वस्थ बच्चा, मजबूत राष्ट्र – कुपोषण का उन्मूलन – कुपोषण के खिलाफ अभियान’’ विषय पर आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के लिए कानूनी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि कार्यशाला में डिप्टी लीगल एंड डिफेंस काउंसिल केएस गिल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल देविंदर कौर तथा पैनल अधिवक्ता बलबीर कौर गांधी ने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को बच्चों में कुपोषण की रोकथाम और संतुलित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के जीवन के प्रारंभिक वर्ष उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान बच्चों को उनकी आयु के अनुसार संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिसमें पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाइड्रेट तथा खनिज तत्व शामिल हों, ताकि वे कुपोषण का शिकार न हों। उन्होंने सभी आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा बच्चों के अभिभावकों को पोषण के प्रति जागरूक करें।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित राष्ट्रीय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सलाह, सहायता या नि:शुल्क विधिक सेवाओं के लिए इस हेल्पलाइन का लाभ लिया जा सकता है। साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे समाज के जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक भी इस जानकारी को पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग नि:शुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठा सकें।
कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम: संतोष बागोतिया
On: July 16, 2026 6:55 PM





