भिवानी, 16 जुलाई। जिला मुख्यालय पर मिल्क प्लांट के पास 17 जुलाई को सुबह नौ बजे आयोजित होने वाले पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज हास्पिटल के उद्घाटन समारोह की तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने गुरुवार को समारोह स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अंतिम रूप दिया। वाटरप्रूफ पंडाल में होने वाले समारोह को भव्य रूप प्रदान दिया गया है। वहीं दूसरी ओर जींद में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तरह ही जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा, जिसको लेकर जिला प्रशासन, मेडिकल कॉलेज प्रशासन और भाजपा की जिला इकाई द्वारा रूपरेखा तैयार की गई है। समारोह में शामिल होने वाले अधिकांश लोग इलेक्ट्रिक वाहनों और साइकिल पर सवार होकर जाएंगे। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। उनके अलावा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री जेपी दलाल, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र कौशिक, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन मीना परमार और हरियाणा अनुसूचित आयोग के उपाध्यक्ष बिजेंद्र बडग़ुज्जर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी 14 हजार 700 करोड़ रुपए की विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में भिवानी का नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज होस्पिटल भी शामिल है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के इस कार्यक्रम का भिवानी में मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज परिसर में सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
इस कार्यक्रम के लिए डीसी साहिल गुप्ता द्वारा एसडीएम महेश कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, वहीं मेडिकल की तरफ से डिप्टी मेडिकल अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार और पार्टी की तरफ से भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक जिम्मा संभाले हुए हैं। वहीं दूसरी ओर समारोह की पिछले एक सप्ताह से तैयारियां चल रही थी, जो गुरुवार को मुकम्मल कर दी गई हैं। तैयारियों को डीसी साहिल गुप्ता ने मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर अंतिम रूप दिया।
मानसून के मद्देनजर जिला स्तरीय समारोह के लिए वाटरप्रूफ पंडाल लगाया है, जिसमें वीआईपी के बैठने की व्यवस्था के अलावा लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग छह सेक्टर बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर 12 बाई 26 की एलईडी लगाई जाएगी, जिस पर जींद से प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके अलावा पंडाल में दो आठ बाई दस की अन्य एलईडी भी लगाई जाएंगी ताकि पंडाल में पीछे बैठे लोग भी कार्यक्रम को आसानी से देख सकें।
बॉक्स
-समारोह से दिया जाएगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने बताया कि जिस प्रकार जींद से प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा प्रदुषण रहित हाइड्रोजन टे्रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, ठीक उसी प्रकार से भिवानी में जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले समारोह में भी पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसी के चलते समारोह में इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से पहुंचने की रूपरेखा तैयार की गई है। इलेक्ट्रिक वाहनों के अलावा लोग साइकिलों पर सवार होकर भी पहुंचेंगे, जिनके लिए समारोह स्थल पर अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई है। समारोह के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
डीसी द्वारा समारोह स्थल के निरीक्षण के दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, जीएम रोड़वेज दीपक कुंडू, पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज से उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार और डीआइओ अमित लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और मेडिकल कॉलेज स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
डीसी साहिल गुप्ता ने मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ समारोह की तैयारियों की दिया अंतिम रूप
On: July 16, 2026 7:07 PM





