सिरसा, 19 जून।
प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान संचालित किया जा रहा हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति निर्वाचक नामावली में शामिल न हो सके।
निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु निर्धारित अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक है तथा जो किसी कानून के अंतर्गत अयोग्य घोषित नहीं है, उसे मतदाता सूची में पंजीकरण का अधिकार प्राप्त है। आयोग के 14 मई के आदेश के अनुसार हरियाणा में गणना चरण 15 जून 2026 से प्रारंभ हो चुका है। जिन पात्र मतदाताओं के गणना फॉर्म 14 जुलाई तक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति 14 जुलाई तक गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे 21 जुलाई से 20 अगस्त तक चलने वाली दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान निर्धारित घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मौजूदा मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। मतदाता विधिवत भरे हुए फॉर्म बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ प्रत्येक घर का दौरा कर फॉर्मों का वितरण, संग्रहण और सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही बीएलओ अपने पास कम से कम 30 खाली फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भी रख रहे हैं, ताकि नए मतदाता बनने के इच्छुक पात्र नागरिकों को तुरंत उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रतिदिन अधिकतम 50 फॉर्म एकत्रित कर प्रारंभिक प्रकाशन से पूर्व बीएलओ को सौंपने की अनुमति दी है। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल एसआईआर प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अतिरिक्त बीएलए भी नियुक्त कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि सिरसा जिले में वर्तमान में 10 लाख 5 हजार 598 पंजीकृत मतदाता हैं। जिले में 996 बूथ लेवल अधिकारी कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा कुल 2,410 बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 812, कांग्रेस के 990, जननायक जनता पार्टी के 213 तथा इंडियन नेशनल लोकदल के 395 बीएलए शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सिरसा जिले में बीएलओ द्वारा 55.63 प्रतिशत गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में योगदान दें।
घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, मतदाता सूची को बनाया जा रहा अधिक सटीक
On: June 19, 2026 8:35 PM





