डबवाली, 22 जून।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर सोमवार को स्थानीय उपमंडल अधिकारी कार्यालय में त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार सुनील कुमार ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं में एनीमिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की गई। साथ ही आयरन एवं फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों के वितरण, कृमि मुक्ति अभियान, एनीमिया की जांच, पोषण संबंधी परामर्श तथा जन-जागरूकता गतिविधियों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
तहसीलदार सुनील कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनीमिया एक गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या है, जिसके प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने बताया कि एनीमिया के कारण बच्चों एवं किशोरों के शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, कार्यक्षमता में कमी आती है तथा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। इसलिए इसकी रोकथाम के लिए संतुलित एवं आयरन युक्त आहार का सेवन, नियमित रूप से आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में सभी विभागों ने एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आमजन के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित
On: June 22, 2026 3:47 PM





