भिवानी, 22 जून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा-2026 के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की है। यात्रा के तहत यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है।
डीसी साहिल गुप्ता ने उत्तराखंड सरकार की एडवाइजरी के बारे में बताया कि जिले से चार धाम की यात्रा पर जाने से पहले यात्रियों को आधार प्रमाणीकरण के साथ पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद यात्रियों को क्यूआर कोड युक्त रजिस्ट्रेशन पत्र और यूनिक आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। धामों में प्रवेश से पहले दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा तथा दर्शन टोकन जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालु ऑनलाइन पोर्टल तथा टूरिस्ट केयर उत्तराखंड मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए केवल अधिकृत आईआरसीटीसी पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच कराना, नियमित व्यायाम करना तथा पर्याप्त गर्म कपड़े और आवश्यक दवाइयां साथ रखना जरूरी है। 55 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, गर्भवती महिलाओं तथा हृदय, उच्च रक्तचाप, अस्थमा और मधुमेह के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सरकार ने ओवरस्पीडिंग, शराब-तंबाकू का सेवन, कूड़ा फैलाने, बिना अनुमति वीडियो/रील बनाने और निजी वाहनों का टैक्सी के रूप में उपयोग करने पर रोक लगाने की अपील की है।
बॉक्स
– चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन
डीसी ने बताया कि चार धाम यात्रा 0135-2559898, 0135-2552627, टोल फ्री नंबर 1364 तथा ईमेल आइडी ष्श controlroomutdb@gmail.com व touristcare.uttarakhand@gmail.com पंजीकरण पोर्टल के लिए registrationandtouristcare.uk.gov.in और हेलीकॉप्टर बुकिंग के heliyatra.irctc.co.in पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यात्रियों से यात्रा पर रवाना होने से पहले मौसम की जानकारी लेने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।
चार धाम यात्रा पर जाने वाले जिलेवासियों से डीसी ने उत्तराखंड सरकार की एडवाइजरी अपनाने की अपील
On: June 22, 2026 4:19 PM





