हिसार, 22 जून।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा ई-फॉर्म डिजिटाइजेशन एवं एइआरओ पोर्टल पर कार्यप्रणाली संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को आयोजन किया गया।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत प्राप्त होने वाले एन्यूमरेशन फॉर्मों को डिजिटल रूप से संसाधित करने की प्रक्रिया को सुचारू एवं प्रभावी बनाना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य कर रहे हैं। इस दौरान बीएलओ द्वारा एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर ऐप के माध्यम से उनका डिजिटाइजेशन किया जाएगा। इसके बाद एइआरओ पोर्टल एवं इआरओ पोर्टल पर इन फॉर्मों की जांच, स्वीकृति अथवा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचे तो वे दो पासपोर्ट आकार के फोटो तैयार रखें तथा पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण संबंधी किसी भी जानकारी के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर एसडीएम अश्वीर नैन, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ नरेंद्र, निर्वाचन तहसीलदार जगदीप सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।





