सिरसा, 23 जून।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (विधानसभा क्षेत्र 45) राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरण तथा मृत मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णत: शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। इस कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का आग्रह करते हुए कहा कि इनके माध्यम से मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से संपन्न किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। बैठक में विजय कुमार, डा सुकेश अरोड़ा, तरूण गुलाटी व नितिन टांडी आदि मौजूद रहे।





