भिवानी, 25 जून। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में डीडीपीओ सोमबीर कादयान की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन हुआ। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
डीडीपीओ के समक्ष समाधान शिविर में स्थानीय पतराम गेट निवासी प्रमिला ने पड़ौस की मसाला चक्की से उनके मकान व स्वास्थ्य पर हो रहे नुकसान और चक्की संचालक द्वारा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत रखी। इस पर डीडीपीओ ने नगर परिषद अधिकारी को रिहायशी क्षेत्र में कहीं अवैध कमर्शियल गतिविधि मामले की जांच करने के निर्देश दिए। पूर्व पार्षद ईश्वर मान ने मुंढ़ाल-तालू ड्रेन का लेवल सही करवाने, खरक कला निवासी वेदो ने गली में बने रैंप को हटवाने, गैरसरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार ने शहर में नकली दूध व पनीर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाने, गैर सरकारी सदस्य नरेंद्र ग्रेवाल ने गांव बामला, फुलपुरा, नौरंगाबाद और सिरसा घोघड़ा गांवों में टैंकों को भरने हेतू बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने बारे, हालुवास निवासी उदयवीर ने नाले के ऊपर से खेतों में जाने का रास्ता बनवाने, जिले सिंह ने झगड़े में पुलिस कार्रवाई करवाने, जागृति कॉलोनी निवासी जयमूर्ति ने अवैध कब्जा हटवाने की समस्या डीडीपीओ के समक्ष रखी।
इसी प्रकार से हालुवास माजरा देवसर निवासी पूर्व सैनिक विजय कुमार ने गणेश कॉटन जिनिंग मिल द्वारा उसके खेत की उपजाउ मिट्टी उठवाने पर कार्यवाई करवाने बारे, बापोड़ा निवासी मुकेश कुमार ने चकबंदी का रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने, सुनीता शर्मा ने राशन कार्ड बनवाने, श्याम मार्केट निवासी राजेंद्र सिंह ने कदम हॉस्पिटल के पास सीवर लाइन बिछवाने, अनिल कुमार ने दिनोद रोड़ के लेवल को दुरूस्त करवाने, बृजपाल ने अवैध कॉलोनियों की जांच विजिलेंस से करवाने बारे, चांग निवासी माया रानी ने अवैध कब्जा हटवाने, भगवान दास कालिया ने जैन चौक में बरसाती नालों व सीवर की सफाई करवाने तथा शर्मिला, सुनीता ने पीपीपी की त्रुटि को दुरूस्त करवाने की शिकायत डीडीपीओ के समक्ष रखी।
डीडीपीओ सोमबीर कादयान ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और संबंधित अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैरसरकारी सदस्य मौजूद थे।
डीडीपीओ ने प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध एवं त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश
On: June 25, 2026 4:20 PM





