हिसार, 28 जून।
हिसार मंडल की आयुक्त गीता भारती ने रविवार को हिसार के अर्बन हेल्थ सेंटर, सेक्टर 1-4 में आयोजित पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता, प्रभावी निगरानी एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए।
मंडल आयुक्त ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं और इस जनहित अभियान में सहयोग करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों से घर-घर पहुंचकर प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें बूथों और निर्धारित क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. रोशन लाल, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा, डॉ. सुशील गर्ग, डॉ. अनिल आहूजा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. पूनम पचार, डीपीएम नीरज गुप्ता, फार्मेसी अधिकारी रमेश कुमार एवं मान सिंह, कोल्ड चेन मैनेजर राजन सिंह तथा नर्सिंग अधिकारी श्रीमती सोनिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





