झज्जर, 29 जून
हरियाणा सरकार के रात्रि ठहराव कार्यक्रम की मुहिम के तहत सोमवार की शाम भदाना गांव में जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीसी वर्षा खांगवाल ने डीसीपी मयंक मिश्रा के साथ गांव के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। विभाग की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पहुंचने पर डीसी वर्षा खांगवाल का ग्राम पंचायत द्वारा स्वागत किया गया। गांव की व्यायाम शाला परिसर में पौधरोपण किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर में स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। इसके बाद डीसी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल का अवलोकन किया। डीसी ने गांव के विकास व उन्नति के लिए समस्याओं को दूर करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। सरपंच पवन कुमार ने ग्राम पंचायत की ओर से अतिथिगण का अभिनंदन किया।
डीसी वर्षा खांगवाल ने जन संवाद के दौरान कहा कि ग्रामीण बेझिझक होकर अपनी समस्याओं को जिला प्रशासन के समक्ष रखें। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही और उन्होंने अपनी समस्याओं के बारे में जिला प्रशासन के अधिकारियों को अवगत करवाया।
डीसी ने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए तत्पर है। रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन खुद गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रहा है। डीसी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि हर समस्या का समाधान किया जाएगा और प्रशासन हर पहलू पर आमजन के सहयोगी है। उन्होंने ग्रामीणों को सफाई अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया और कहा कि गांव में अतिक्रमण हटाते हुए नालों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें।
*रात्रि ठहराव में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी, समस्याओं का हुआ मौके पर समाधान*
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं डीसी के समक्ष रखीं, जिनमें बिजली, सडक़, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए और ग्रामीणों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले। डीसी ने कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था उनका किया गया है व अन्य समस्याओं के लिए अधिकारियों को तय समय में समाधान करने के निर्देश दिए गए।
*रात्रि ठहराव प्रदेश सरकार का बेहतरीन कार्य : डीसी*
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम शुरु किया है जो एक काफी अच्छी जनहितकारी पहल है जिससे ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है। इस दौरान जो भी ग्रामीणों की समस्याएं दर्ज होती हैं उनका पूरी गंभीरता के साथ समाधान किया जा रहा है। रात्रि ठहराव के दौरान शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि ग्रामीणों की संतुष्टि हो। उन्होंने रात्रि ठहराव कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों के त्वरित व प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि ग्रामीण आपस में मिलजुलकर आपसी भाईचारे के साथ सामाजिक सरोकारों के कार्य करें, आधी समस्याओं का समाधान अपने आप हो जाएगा और युवा पीढ़ी को अच्छे संस्कार मिलेंगे ।
*युवा नशे से दूर रहें : मयंक मिश्रा*
डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा कि युवा गांव के विकास में योगदान दें। युवा नशे से दूर रहें व अपने सर्वांगीण विकास पर फोकस करें। युवा खेलों से जुड़े। नशे के जो आदि हैं वह भी नशे को छोडक़र अच्छा नागरिक बन सकता है। उन्होंने कहा कि नशे के बारे में कोई भी ग्रामीण पुलिस को सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने नशा मुक्त माहौल बनाना है, किसी को सजा देना नहीं। हां, जो लोग नशे का कारोबार करते हैं उनकी सूचना पुलिस को दें ऐसे समाज विरोधी लोगों के साथ पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। ग्रामीणों को साइबर क्राइम को लेकर भी जागरूक किया।
*विभागीय स्टॉल का ग्रामीणों ने उठाया लाभ :*
भदाना गांव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के सहयोग से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा, रोडवेज, कृषि एवं किसान कल्याण, जनस्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास तथा यूएचबीवीएन सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई।
*यह रहे मौजूद :*
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीटीएम रितु, एसीपी अनिरुद्ध चौहान, डीआरओ मनवीर सिंह, डीईओ रतेंद्र सिंह, डीएफएसओ आदित्य कौशिक, डीडीपीओ निशा तंवर, जीएम रोडवेज अनित यादव व बीडीपीओ भारती सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





