भिवानी, 30 जून। देशभर में एक जून से चल रहे खेत बचाओ अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर 30 जून को बावल स्थित क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र में समापन समारोह आयोजित हुआ। समापन समारोह के लिए मंगलवार सुबह भिवानी से प्रगतिशील किसानों को लेकर बसें अनुसंधान केंद्र बावल के लिए रवाना हुईं।
कृषि विज्ञान केंद्र भिवानी के वरिष्ठ संयोजक डॉ. रविंद्र सिंह ढिल्लो ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र भिवानी से किसानों को लेकर दो बसें बावल के लिए रवाना हुई। पहली बस के प्रभारी डॉ. ममता फौगाट एवं डॉ. रविंद्र दुहन तथा दूसरी बस के प्रभारी डॉ. योगिता एवं डॉ. करिश्मा नंदा को प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है और इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि जिले के अनके किसान और आमजन समापन समारोह में शामिल हुए। समापन समारोह में आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि उपकरणों एवं उन्नत फसलों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही प्रगतिशील किसानों द्वारा अपने सफल कृषि मॉडल और उत्पादों की स्टॉल भी लगाई गई जिससे अन्य किसानों को नई तकनीकों और नवाचारों की जानकारी मिली।





