झज्जर, 01 जुलाई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ की नई अनाज मंडी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला झज्जर के 2 अमृत सरोवरों का शुभारंभ किया।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में डीसी वर्षा खांगवाल की अध्यक्षता में जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, भाजपा नेता संजय कबलाना व सुनीता चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में गांव खेड़ी जट्ट में 42.87 लाख और गांव आसौदा टोडरान में 43 लाख 64 हजार रुपये की लागत से निर्मित अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का संबोधन भी सुना गया। एडीसी जगनिवास ने अतिथिगण का स्वागत किया।
अमृत सरोवरों को सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने में सहयोग करें ग्रामीण : डीसी
जिला स्तरीय समारोह में डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अमृत सरोवर आज गांवों के प्रमुख आकर्षण के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि सभी गांव के तालाबों का कायाकल्प हो ताकि लोगों को साफ व स्वच्छ वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि इन्हें गांव की सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। अब इन अमृत सरोवरों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों और ग्रामीणों की होगी। पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्थानीय सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि इन परिसरों की स्वच्छता, सुंदरता और उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आने वाले समय में सभी अमृत सरोवरों पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। इससे अमृत सरोवरों को गांव की सामुदायिक गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बनाने में मदद मिलेगी और जनभागीदारी को नया आयाम मिलेगा।
डीसी ने कहा कि आगामी बरसाती मौसम को देखते हुए सभी स्थानों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिला स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बन सके।
एक समान विकास को बढ़ावा दे रही सरकार : कप्तान सिंह
जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार लगातार देश व प्रदेश में मजबूत ढांचागत सुविधा उपलब्ध करवाने को प्रतिबद्ध है। सरकार एक समान विकास को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। गामव के लोगों की सुविधा के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है और आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास की विचारधारा के साथ योजनाओं को लागू करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक को लाभान्वित कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए कार्य कर रही है। सरकार द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी अर्थात सीएसआर के सहयोग से प्रदेश के पांच प्रमुख कॉर्पोरेट संस्थानों के वित्तीय योगदान से लगभग 19.71 करोड़ रुपये की कल्याणकारी योजनाएं आज शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक विकास और तनाव मुक्ति के लिए प्रथम चरण में राजकीय स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं की शुरुआत की गई है,जोकि सरकार का एक सराहनीय कदम है ।
भाजपा नेता संजय कबलाना ने कहा कि पिछले लगभग 12 साल के कार्यकाल में देश और प्रदेश में निरन्तर विकास परियोजनाओं को बढ़ावा मिल रहा है । सरकार नॉन स्टॉप गति से विकास कार्यो को मूर्त रूप दे रही है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता चौहान ने कहा कि प्रकृति को हरा भरा रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण बेहद जरूरी है। सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सघन पौधारोपण पखवाड़ा के तहत पूरे हरियाणा राज्य में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालय परिसरों में अभियान की शुरुआत की गई है,जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला भर की पंचायत समितियों के अध्यक्ष जयदीप छिकारा, दीपक मातनहेल, प्रशांत बेरी, संजय जून, निर्मला, धर्मेंद्र ,धर्मबीर सिंह, देवेन्द्र सिंह के अलावा जिला प्रशासन की ओर से एडीसी जगनिवास, सीएमजीजीए खुशी कौशल, डीडीपीओ निशा तंवर,एक्सईएन पंचायती राज युद्धबीर मलिक, प्रवक्ता संजय शर्मा सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





