झज्जर, 01 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को सम्बन्धित अधिकारियों के साथ जिला में चल रहे एसआईआर-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्र संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सबन्धित ईआरओ को निर्देश दिए कि वो सभी अतिरिक्त ईआरओ ,सुपरवाइजर स्टाफ से समन्वय रखते हुए गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन कार्य को और गति प्रदान करना सुनिश्चित करें ताकि अतिशीघ्र डिजिटाइजेशन कार्य को पूरा किया जा सके।
उन्होंने मतदाताओं से एकत्रित किए जा रहे गणना प्रपत्रों तथा उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने सभी अतिरिक्त ईआरओ व सुपरवाइजर के माध्यम से गणना फार्म के एकत्रीकरण और डिजिटाइजेशन को जिम्मेदारी से पूरा करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। इस कार्य की हर दो-दो घण्टे में मोनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्ध और त्रुटी रहित मतदाता सूची लोकतंत्र की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को लेकर 14 जुलाई तक गणना प्रपत्र को एप पर डिजिटाइज करना अत्यंत जरुरी है। ऐसे में प्रत्येक पात्र मतदाता 14 जुलाई का इंतजार ना करते हुए जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा कराएं। फार्म डिजिटाइज होने उपरांत मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा।
बीएलओ हर पात्र मतदाता से प्राप्त करें गणना प्रपत्र
डीसी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्र समय पर प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि एकत्रित सभी प्रपत्रों का बिना विलंब के डिजिटाइजेशन किया जाए ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि इस विशेष अभियान में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने पुनः अधिकारियों एवं सुपरवाइजर को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अभियान की दैनिक प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीएमसी अभिनव सिवाच, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु ,निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सहित एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।





