सिरसा। माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के बहुप्रतीक्षित चुनाव वीरवार को रानियां रोड स्थित माहेश्वरी भवन में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव में माहेश्वरी सभा के प्रादेशिक संगठन मंत्री आनंद बियानी तथा ट्रस्ट के निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश पप्पू राठी समर्थित पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ आनंद बियानी का माहेश्वरी समाज में कद और ऊंचा हो गया है।
प्रधान पद के लिए हुए मुकाबले में आनंद बियानी व कमलेश राठी समर्थित अजय राठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नकुल मोहंता को 37 मतों के अंतर से पराजित किया। अजय राठी को कुल 155 मत प्राप्त हुए, जबकि नकुल मोहंता को 118 मत मिले।
सचिव पद के चुनाव में भी बियानी-राठी समर्थित संजय बागड़ी ने प्रभावशाली जीत दर्ज की। उन्हें 169 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी नवल मुंदड़ा को 101 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार संजय बागड़ी ने 68 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।
उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए हुए चुनाव में पदम बियानी एवं त्रिलोक राठी विजयी रहे। पदम बियानी को सर्वाधिक 176 मत प्राप्त हुए, जबकि त्रिलोक राठी को 108 मत मिले। दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार राजकुमार मुंदड़ा को 107 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार सहसचिव के दोनों पदों पर भी बियानी-राठी समर्थित राजीव चांडक तथा प्रवीण चांडक ने जीत का परचम लहराया। राजीव चांडक को 164 मत तथा प्रवीण चांडक को 163 मत प्राप्त हुए। विपक्षी उम्मीदवार राजीव मालपानी को 89 मत मिले। उपाध्यक्ष एवं सहसचिव के दूसरे पद के लिए विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा गया।
कोषाध्यक्ष पद पर मुकेश मंत्री पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे। चुनाव प्रक्रिया बहादुरगढ़ से आए पर्यवेक्षक सतीश माहेश्वरी की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी के रूप में महेश राठी, डॉ. जी.एस. सोमानी तथा पुरुषोत्तम मंत्री ने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
चुनाव को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग सहित नरेश जिंदल, अमित गाबा और विनोद ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर बजरंग सारड़ा, अश्वनी राठी, प्रमोद बियानी, गौरीशंकर राठी, शिवरत्न मंत्री, संयोग माहेश्वरी (कालांवाली), रजत मंत्री, प्रतीक राठी, विजी बियानी सहित अनिता राठी, रश्मी राठी, नीलम बियानी, बिंदिया बियानी, सविता बियानी, सोनिया बागड़ी तथा माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। विजयी उम्मीदवारों का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।





