पटौदी, 3 जुलाई।
पटौदी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश लुहाच ने बताया कि आगामी 4 जुलाई को विधानसभा क्षेत्र के सभी 259 मतदान केंद्रों पर दोपहर 3 बजे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं नवीनतम बनाना है, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र नामों को समय रहते हटाया जा सके।
एसडीएम दिनेश लुहाच ने बताया कि बैठक के दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी जो किसी अन्य स्थान पर स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं अथवा जिनका निधन हो चुका है, लेकिन उनका नाम अभी भी मतदाता सूची में दर्ज है। ऐसे मामलों को नियमानुसार अपडेट किया जाएगा, जिससे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित बन सके।
उन्होंने बताया कि पटौदी विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण कार्य पूरा किया जा चुका है। अब प्राप्त प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड करने का कार्य भी तीव्र गति से जारी है। अभी तक लगभग 45 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का ऑनलाइन अपडेट किया जा चुका है। इस पूरे अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 28 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जो प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता को अभी तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह हेल्प लाइन नंबर 0124-6934034 पर संपर्क कर सकता है, ताकि निर्धारित समय सीमा से पहले उसे प्रपत्र उपलब्ध कराया जा सके और उसका विवरण मतदाता सूची में जोड़ा या अद्यतन किया जा सके।
उन्होंने यह भी अपील की कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कराए हैं, वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं का सहयोग मिलने से ही शुद्ध, पारदर्शी और नवीनतम मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।





