फरीदाबाद, 7 जुलाई।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं निर्वाचक पंजीकरण से संबंधित कार्यों की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) के वितरण का कार्य तेजी से किया गया है और अब अभियान का मुख्य फोकस मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन करना है।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि यह प्रक्रिया 14 जुलाई तक जारी रहेगी तथा जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक मतदाता अंतिम तिथि से पहले ही अपने गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा दें, ताकि उन्हें समय पर पोर्टल पर अपलोड किया जा सके। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर मौसम अथवा अन्य व्यावहारिक परिस्थितियों को देखते हुए मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथ स्तर पर भी प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद सभी बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर गणना प्रपत्र भरने में किसी प्रकार की झिझक या लापरवाही न बरतें। यदि कोई मतदाता निर्धारित अवधि में अपना प्रपत्र जमा नहीं करता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) में शामिल नहीं हो पाएगा। इसके बाद संबंधित मतदाता को निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे तथा नागरिकता एवं निवास संबंधी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से सुनवाई में उपस्थित होना पड़ सकता है, जिससे अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का संग्रह एवं डिजिटाइजेशन कार्य पूरा किया जाएगा, जबकि 21 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्ट्रोल रोल) का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय रहते गणना प्रपत्र जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।





