फरीदाबाद, 11 जुलाई।
हरियाणा सरकार की जनहितकारी नीतियों एवं जिला प्रशासन फरीदाबाद के सतत प्रयासों से एक और पात्र लाभार्थी को राहत मिली है। ईडब्ल्यूएस आवास योजना की लाभार्थी अर्चना कुमारी को उनके आवंटित फ्लैट की चाबी प्राप्त होने पर उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा जिला प्रशासन फरीदाबाद के प्रति आभार व्यक्त किया।
अर्चना कुमारी ने बताया कि उन्हें सेक्टर-86 स्थित ओमैक्स हाइट्स में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अंतर्गत फ्लैट आवंटित हुआ था। लंबे समय से फ्लैट का कब्जा मिलने में आ रही कठिनाइयों के कारण उन्होंने अपनी समस्या जिला प्रशासन के समक्ष रखी। जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं बिल्डर से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें उनके आवंटित फ्लैट की चाबी प्राप्त हो गई।
उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को स्थायी आवास मिलने से बड़ी राहत मिली है। यह उनके लिए केवल फ्लैट की चाबी नहीं, बल्कि वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिला एक नया आशियाना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित पहल के कारण उनकी समस्या का समाधान संभव हो सका।
अर्चना कुमारी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था विकसित हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन फरीदाबाद, विशेष रूप से उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया तथा इस प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की तत्परता और सकारात्मक पहल के कारण उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान संभव हो सका तथा उन्हें अपने आवंटित ईडब्ल्यूएस फ्लैट का कब्जा प्राप्त हुआ।





