हिसार, 11 जुलाई।
हरियाणा वन विकास निगम के नवनियुक्त चेयरमैन रवि सैनी ने कहा है कि व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार है। व्यापारी वर्ग अपनी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देता है। राजगुरु मार्केट के व्यापारियों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
चेयरमैन रवि सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें व्यापार और उद्योग बिना किसी अनावश्यक बाधा के आगे बढ़ सकें तथा प्रत्येक व्यापारी स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त महसूस करे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने व्यापारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश में व्यापार को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए अनेक सुधार किए गए हैं। विभिन्न विभागों की सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है, जिससे व्यापारियों का समय और संसाधनों की बचत हो रही है। लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पहले की अपेक्षा अधिक सरल बनाया गया है। व्यापारियों की सुरक्षा भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित कारोबारी माहौल उपलब्ध कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सडक़ संपर्क, आधुनिक बाजार व्यवस्था और डिजिटल सेवाओं का विस्तार व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्रदान कर रहा है। सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के व्यापारी भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। व्यापारी केवल करदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। आपके द्वारा किया गया प्रत्येक निवेश, प्रत्येक रोजगार और प्रत्येक व्यापारिक गतिविधि प्रदेश की समृद्धि में योगदान देती है। उन्होंने राजगुरु मार्केट के व्यापारियों को सम्मान समारोह के आयोजन के लिए आभार जताते हुए कहा कि हम सभी मिलकर एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर प्रधान शिव कुमार सैनी, अक्षय मलिक, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, रवि मेहता, राजेंद्र ढालिया, अजय सैनी, आनंद सैनी, देवेंद्र सैनी, दीपक अग्रवाल, सुनील वर्मा, गौतम नारंग, सुरेंद्र बजाज, महेश चौधरी, सुरेंद्र सोनी, मनी राम गोयल, भूषण अग्रवाल, सुभाष मित्तल, कृष्ण खटाना, मोनू बजाज सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार : चेयरमैन रवि सैनी
On: July 11, 2026 6:32 PM





