रोहतक, 14 जुलाई। लंदन में पढ रहे मूलरूप से रोहतक जिला के मदीना गांव के छात्र रणवीर दांगी को लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर यंग अचीवर्स अवार्डस से सम्मानित किया गया है। दरअसल इस सम्मान समारोह में उन स्कूली छात्रों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने पिछले सीजन में एमसीसी (मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब) के खिलाफ 100 या उसके अधिक रन और 5 विकेट हासिल किए थे। रणवीर दांगी उन 17 स्कूली छात्रों में शामिल थे, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। यह सम्मान लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर खेले गए प्रथम महिला क्रिकेट टेस्ट मैच के दौरान एमसीसी के अध्यक्ष एड स्मिथ ने प्रदान किया।
रणवीर ने एमसीसी फाउंडेशन हब की ओर से खेलते हुए 114 रन बनाए थे। यह हब युवाओं के लिए क्रिकेट की दुनिया में कैरियर बनाने का एक स्पष्ट मार्ग प्रदान करता है, जहां से कई खिलाड़ी काउंटी टीमों और यहां तक कि राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं। देश भर के हब की टीम गर्मियों के दौरान नॉकआउट मैचों में प्रतिस्पर्धा करती हैं। एडवोकेट अमित काजल ने बताया कि रणवीर के पिता धीरेंद्र दांगी ने अपनी स्कूली शिक्षा जाट स्कूल रोहतक से हासिल की थी। फिलहाल लंबे समय वे परिवार सहित लंदन में रह रहे हैं।
रणवीर के पिता धीरेंद्र दांगी ने जानकारी दी कि एमसीसी यानि मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब लंदन में स्थित एक विश्व प्रसिद्ध और सबसे प्रभावशाली क्रिकेट क्लब है। 1787 में स्थापित यह क्लब, क्रिकेट के नियमों का एकमात्र संरक्षक और निर्माता है। इसका मुख्यालय लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में है, जिसे क्रिकेट का घर भी कहा जाता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानि आईसीसी के गठन से पहले एमसीसी ही क्रिकेट का शासी निकाय था। आज भी आईसीसी सहित पूरा क्रिकेट जगत एमसीसी द्वारा बनाए गए और समय-समय पर संशोधित किए गए नियमों का ही पालन करता है।
रोहतकः लंदन में पढ रहे मदीना के रणवीर दांगी, लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान पर यंग अचीवर्स अवार्डस से सम्मानित
On: July 14, 2026 6:57 PM





