रोहतक, 14 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की संशोधित समय-सारणी जारी की गई है। आयोग के निर्देशानुसार जिला में सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
सचिन गुप्ता ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन अभियान 24 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन भी 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। सचिन गुप्ता ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम एवं विवरण का अवश्य सत्यापन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो, तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी या निर्वाचन कार्यालय में दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।
सचिन गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सभी संबंधित अधिकारियों, राजनीतिक दलों एवं आमजन को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके और कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 3 अक्टूबर को होगी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित :-उपायुक्त सचिन गुप्ता
On: July 14, 2026 9:02 PM





