रोहतक, 15 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत हरियाणा में चल रहे गणना चरण की अवधि बढ़ा दी गई है। अब पात्र मतदाता अपना एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म 24 जुलाई 2026 तक जमा कर सकते हैं।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, उनके लिए यह अंतिम अवसर है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि वे बिना किसी देरी के अपना फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को जमा कराएं अथवा ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम का सही एवं अद्यतन होना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रत्येक पात्र मतदाता की सहभागिता से ही शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी नागरिकों का आह्वान किया है कि इस अवसर को हाथ से न जाने दें। यदि अभी तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, तो 24 जुलाई 2026 से पहले हर हाल में इसे जमा कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने सभी बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाकर निर्धारित समयावधि में गणना प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने पात्र मतदाताओं से 24 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा कराने का किया आह्वान
On: July 15, 2026 5:49 PM





