चंडीगढ़, 06 जुलाई। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की झज्जर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेवाड़ी स्थित चकबंदी कार्यालय में कार्यरत सहायक चकबंदी अधिकारी बलवान सिंह को ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
*क्या था मामला*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी पैतृक भूमि के विरासत संबंधी इंतकाल में संशोधन करने के एवज में आरोपी अधिकारी ₹2.50 लाख की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसवी एंड एसीबी की झज्जर इकाई ने ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। ट्रैप के दौरान रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद कर ली गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
*जनहित में अपील-*
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) के प्रमुख श्री ए. एस. चावला, आईपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन के संकल्प को साकार करने के लिए ब्यूरो पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है या किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध आमजन का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और आपकी एक सूचना ईमानदार, जवाबदेह एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।





