भिवानी, 07 जुलाई। एसडीएम एवं 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी महेश कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सुपरवाइजरों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ मतदाताओं से प्रपत्र एकत्रित करने का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करें।
एसडीएम महेश कुमार ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए संबंधित मामलों में मृत्यु प्रमाण-पत्र (डेथ सर्टिफिकेट) अवश्य प्राप्त किया जाए या परिजनों से लिखित में प्रमाण लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एबसेंट, शिफ्टिेड और डुप्लीकेट वोटर यानि एएसडी वोटर की सूची तैयार करें, यह सूची भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सार्वजनिक की जाएगी और इस सूची पर दावे एवं आपतियां मांगी जाएंगी। दावों एवं आपत्तियों का सबूतों के आधार पर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी, इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित समय के अंदर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी सुपरवाइजर घर-घर से प्राप्त प्रपत्रों को समय पर एकत्रित कर उनका शीघ्र डिजिटलीकरण करवाना सुनिश्चित करवाएं। सभी सुपरवाइजर यह प्रमाणित करेंगे कि उनके क्षेत्र में बीएलओ एवं बीएलए के साथ बैठक आयोजित हो चुकी है तथा बैठक की कार्यवाही (प्रोसिडिंग) पर सभी संबंधितों के हस्ताक्षर हों। बैठक की फोटो पोर्टल पर अपलोड जरूर करें। उन्होंने निर्देश कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक समय फील्ड में रहकर कार्य की निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: एसडीएम महेश कुमार
On: July 7, 2026 2:36 PM





