सिरसा, 01 जुलाई।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने 4 व 5 जुलाई को आयोजित होने वाली एचटेट परीक्षा को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय के वीडियो कॉफ्रेंसिंग कक्ष में अधिकारियों के साथ एचटेट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला के उपायुक्तों को परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एडीसी अर्पित संगल, एसडीएम राजेंद्र कुमार, जिला खजाना अधिकारी नरेंद्र ढुल, उप जिला शिक्षा अधिकारी विजय सचदेवा, नोडल अधिकारी अमित मनहर भी मौजूद रहे।
वीडियो कॉफ्रेंस के उपरांत उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी 4 व 5 जुलाई 2026 को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं नकल रहित संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर समय रहते सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में हों। साथ ही तमाम तरह के सुरक्षा उपायों की समय रहते तैयारी पूरी कर लें। परीक्षा केंद्र अधीक्षक लिखने में अक्षम परीक्षार्थी के लिए लेखक बारे नियमानुसार फैसला लें। परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जाए और यदि कोई भी व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी, ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करें तथा उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
ये रहेगा परीक्षा का शैड्यूल:
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को सांयकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात: कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी।
जिले में बनाए गए 24 परीक्षा केंद्र पर 14238 परीक्षार्थी देंगे एक्जाम
जिले में परीक्षा के लिए 24 केंद्र स्थापित किए गए हैं। लेवल-3 की परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर 3910 परीक्षार्थी, लेवल-2 की परीक्षा के लिए 24 परीक्षा केंद्रों पर 7463 परीक्षार्थी तथा लेवल-1 की परीक्षा के लिए 9 परीक्षा केंद्रों पर 2865 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 14,238 परीक्षार्थी एचटेट परीक्षा में शामिल होंगे। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद मंगलसूत्र, बिंदी के साथ प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं सिख धर्म के अनुयायियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार निर्धारित कृपाण रखने की छूट रहेगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों को बोर्ड के नियमानुसार 50 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एचटेट परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण करें अधिकारी: डीसी शांतनु शर्मा
On: July 1, 2026 8:54 PM





