भिवानी, 01 जुलाई। हरियाणा सरकार के रात्रि ठहराव कार्यक्रम की मुहिम के तहत मंगलवार रात्रि को गांव मिलकपुर में जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित हुआ। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने गांव स्थित शहीद जोगेंद्र कुमार राजकीय उच्च विद्यालय में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गांव में कार्यरत पटवारी की ड्यूटी के प्रति लापरवाही की शिकायत रखी। एडीसी ने तुरन्त प्रभाव से लिंक पटवारी की नियुक्ति किए जाने और तहसीलदार को पटवारी के खिलाफ उचित विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एसडीएम महेश कुमार, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविन्द्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादयान सहित अनेक विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं एडीसी के समक्ष रखीं, जिनमें बिजली, सडक़, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, पशु चिकित्सा केंद्र, परिवार पहचान पत्र से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। एडीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का हर पात्र व्यक्ति को समय पर पूरा लाभ मिले।
एडीसी ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम में मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। एडीसी ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल एक प्रशासनिक गतिविधि नहीं बल्कि यह सरकार की जन संवाद की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसके माध्यम से प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंच रहा है, जिससे समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में पारदर्शिता आई है।
इससे पहले एडीसी ने गांव स्थित बाबा बम्बगिरी जोहड़ का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की कलाकार मंडली ने हरियाणवी लोकगीतों के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा, नशा मुक्ति और केंद्र व प्रदेश की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, शिक्षा, परिवहन, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास विभाग, क्रीड, कल्याण विभाग और बिजली विभाग आदि विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।
बॉक्स
– एडीसी ने शहीद की माता को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने 1999 में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान शहीद हुए जोगेंद्र कुमार की माता शकुंतला को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं प्रशासन के गांव में पहुंचने पर सरपंच भीम सिंह, समाजसेवी आनन्द यादव, बबली नंबरदार, पूर्व सरपंच रामस्वरूप और ग्राम विकास मंडल मिलकपुर के सदस्यों ने एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविन्द्र दलाल, डीएसपी दलीप को पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों का अभिनन्दन किया। प्रसिद्ध समाजसेवी व आनन्द भ_ा संचालक आनन्द यादव ने मंच के माध्यम से अधिकारियों का स्वागत किया। एडीसी ने गांव के युवा नीरज का आईआईटी गोवाहटी में दाखिला होने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर तहसीलदार जयवीर सिंह, बीडीपीओ नवीन मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया, डीडीए डॉ विनोद फौगाट, डीएचओ डॉ देवीलाल, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता विजय कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग से कार्यकारी अभियंता विकास धनखड़, जिला खेल अधिकारी विद्यानन्द, पशुपालन विभाग से एसडीओ राजेश जाखड़, कृषि विभाग से एसडीओ संजय मक्कड़, पंचायती राज से एसडीओ रविन्द्र कुमार, जिला सैनिक बोर्ड से सुंदर सिंह, क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर डॉ सुरेंद्र सिंह, एसएचओ सुरेश कुमार सहित विभिन्न जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
गांव मिलकपुर में रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एडीसी ने ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं
On: July 1, 2026 4:33 PM





