हिसार, 08 जुलाई।
मानसून सीजन के दौरान संभावित जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में बुधवार को उपायुक्त महेंद्र पाल सहित जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने गांव देवा, टोकस, पातन, आर्य नगर, शाहपुर सहित घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन के दोनों ओर स्थित गांवों का निरीक्षण किया। ड्रेन की सफाई कार्य पूर्ण हो चुका है। तटबंधों को मजबूत किया गया है। उन्होंने मुहानों को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में जल निकासी सुचारू बनी रहे। उन्होंने ड्रेन की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ड्रेन के समीप स्थित गांवों के जोहड़ों एवं तालाबों को भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग जल निकासी के लिए किया जा सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा जलभराव की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला नगर आयुक्त सी. जयाश्रद्धा ने हिसार शहर के औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल एरिया), 12 क्वार्टर सहित विभिन्न स्थानों पर जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने ऋषि नगर स्थित एसटीपी तथा शहरी क्षेत्र से गुजरने वाली ड्रेन का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी कड़ी में बरवाला के एसडीएम अश्वीर नैन ने पुलिस लाइन से सीआईआरबी फार्म की ओर जाने वाली ड्रेन का निरीक्षण किया, जबकि हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल ने धांसू और मिर्जापुर क्षेत्र में जल निकासी प्रबंधों की समीक्षा की। वहीं, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) नरेंद्र ने गंगवा, आर्य नगर सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के पूरे सीजन के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं मशीनरी पूरी तरह तैयार रखी जाए।
मानसून के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त महेंद्र पाल सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी फील्ड में उतरे, जल निकासी प्रबंधों का किया निरीक्षण
On: July 8, 2026 9:09 PM





