झज्जर, 06 जुलाई
भारत निर्वाचन आयोग के तत्वावधान में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत झज्जर जिला में गणना प्रपत्र भरवाने के साथ ही डिजिटाइजेशन का कार्य निरन्तर जारी है। मतदाता सूचियों के इस विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भी अहम भूमिका है, ऐसे में इस प्रक्रिया को सभी ने मिलकर पूरा करना है। यह बात डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कही। डीसी सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर चल रहे एसआईआर- 2026 में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सम्बन्धित अधिकारियों के साथ एएसडीडी वोटर और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा बैठक ले रही थी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया जिलाभर में जनभागीदारी के साथ निरन्तर आगे बढ़ रही है, ऐसे में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बूथ लेवल एजेंट मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि एएसडीडी-एब्सेंट, शिफ्टिड, डबल व डेथ वोटर की पहचान में बीएलओ का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया 14 जुलाई, 2026 तक जारी रहेगी तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर को किया जाएगा।
बीएलओ के साथ नियमित बैठक करें बीएलए
डीसी ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट की बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ नियमित बैठकें आयोजित करें तथा इन बैठकों की सूचना संबंधित चुनाव अधिकारियों को पूर्व में उपलब्ध करवाएं। डीसी ने कहा कि बीएलए व बीएलओ आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसियों से जानकारी लेकर मतदाता की स्थिति जैसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट का रिकॉर्ड तैयार करें।
तत्काल गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को लौटाएं मतदाता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं होंगे, उनकी बूथवार सूची पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि नागरिक समय रहते अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकें। उन्होंने कहा कि जिला के सभी पात्र नागरिक अपने गणना प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं।
सर्वेक्षण के समय स्वयं मतदाता मौजूद नहीं है तो परिजन दे सकेंगे हस्ताक्षर युक्त प्रपत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि रोजगार, विवाह अथवा अन्य कारणों से स्थायी रूप से दूसरे मतदान क्षेत्र में स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के संबंध में उनके परिवार का कोई वयस्क सदस्य गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध करा सकता है। यदि सर्वेक्षण के समय मतदाता घर पर मौजूद नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य उसकी ओर से प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर जमा कर सकता है।
हेल्प डेस्क किया स्थापित :
डीसी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए लघु सचिवालय झज्जर में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 1950 प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता इस हेल्पलाइन का उपयोग कर सकते हैं।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु के अलावा सभी अतिरिक्त ईआरओ व अन्य एसआईआर से जुड़े अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





